अफगानिस्तान में तालिबान के राज के बाद से ही अफरा-तफरी मची हुई है। यहां एक और बड़ी दुर्घटना घट चुकी है। अफगानिस्तान के काबुल में स्थित ईदगाह मस्जिद में बम धमाका हो गया है। इसमें कई लोग मारे जा चुके हैं। खुद अफगानिस्तान ने लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है।
यह धमाका रविवार दोपहर को हुआ है। अफगानिस्तान की मीडिया के अनुसार जिस मस्जिद में धमाका हुआ है उस में भारी संख्या में लोग उपस्थित थे। इस घटना की जानकारी तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने दी है। मस्जिद में एक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था। यह आयोजन तालिबानी प्रवक्ता मुजाहिद की मां की याद में किया जा रहा था।
यह धमाका किस आतंकी संगठन द्वारा किया गया है, इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन माना जा रहा है कि, धमाके के पीछे फेमस आतंकी संगठन आईएएस का हाथ हो सकता है।
इस घटना के बारे में जब आसपास के लोगों से पूछा गया तो मस्जिद के पास स्थित एक दुकानदार ने बताया कि जब ब्लास्ट हुआ उसके बाद तेज आवाज में गोलियों की आवाज सुनाई दी थी। फिर जो वहां तालिबान के लड़ाके मौजूद थे, उन्होंने मस्जिद और उसके पास की सभी सड़कें बंद कर दी थी।
जिसकी मां की याद में मस्जिद में कार्यक्रम आयोजित किया गया था वह तालिबान प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद तालिबान सरकार में सूचना एवं संस्कृति मंत्रालय में उप मंत्री के पद पर है।
इस घटना के बाद उसने ही इसकी जानकारी ट्विटर के माध्यम से दी है। बताया जा रहा है कि, धमाका भीड़ भाड़ वाली जगह पर हुआ है।
उन्होंने लिखा कि, ‘मुजाहिद की मां के लिए एक प्रार्थना सभा रखी गई थी, मुजाहिद की मां का निधन पिछले सप्ताह हुआ था. इस कार्यक्रम के लिए संबंधियों और लोगों को भी आमंत्रित किया गया था.’
कई पत्रकारों का कहना है कि धमाके के बाद मस्जिद से ही गोलियां चलने की आवाज भी आई है। ऐसा कहा जा रहा है कि जिन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं उन्होंने एंबुलेंस के द्वारा काबुल के इमरजेंसी अस्पताल में ले जाते देखा गया है। हमले में भारी संख्या में लोगों की मौत हुई है, परंतु संख्या अभी बताई नहीं गई है।